Friday 26 January 2024

कर रहे शुभकामना...


75वें राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस की सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं…

कर रहे शुभकामना….

पर्व है गणतंत्र दिवस का, राष्ट्र की आराधना।
अखंड भारत देश रहे ये, कर रहे शुभकामना।

सबके सुख-दुख अपने सुख-सुख,
भाव मन में पुष्ट हो।
भेद-भाव की बात न हो अब,
हर मनुज संतुष्ट हो।
पनपे ना वृत्ति छल-कपट की,
बनी रहे सद्भावना।

कर रहे शुभकामना….

जाति-वर्ग औ संप्रदाय की,
टूटें सब दीवारें।
गद्दारी जो करें देश से,
चुन-चुन उनको मारें।
विपदा आए कोई यदि तो,
मिल करें सब सामना।

कर रहे शुभकामना….

कोई बच्चा देश का मेरे,
रहे न भूखा-नंगा।
कर्तव्यों के हिम से निकले,
अधिकारों की गंगा।
हो सदैव उद्देश्य हमारा,
गिर रहे को थामना।

कर रहे शुभकामना….

स्वार्थ रहित हों कर्म सभी के,
राष्ट्र-मंगल से जुड़े।
गुलाम रहे न जन अब कोई,
मुक्त अंबर में उड़े।
प्रेम-भाव भर अमिट हृदय में,
मिटा कलुषित भावना।

कर रहे शुभकामना….

आत्मनिर्भर बनें भारत-जन,
सुप्त बोध सब जागें।
कर्मठता हो, कर्म श्रेष्ठ हों,
जड़ता मन की त्यागें।
रामराज्य का स्वप्न नहीं तो,
है महज उद्भावना।

कर रहे शुभकामना….

© डॉ.सीमा अग्रवाल
मुरादाबाद (उ.प्र.)

No comments:

Post a Comment