Tuesday 12 December 2023

रूपमाला / मदन छंद...

रूपमाला/मदन छंद...

विधान – (सम मात्रिक) 24 मात्रा, 14,10 पर यति, आदि और अंत में वाचिक भार 21 गाल l कुल चार चरण , क्रमागत दो-दो चरणों में तुकांत l

ढूँढते हैं प्राण पागल,   धूप में भी छाँव।
चाँदनी नीचे बिछी पर, जल रहे हैं पाँव।
शांत नीरव रात में भी, मचा मन में शोर।
चाँद गुपचुप नैन खोले, देखता इस ओर।

दे रहे जो दासता को,       बेबसी का नाम।
कर रहे वे साथ अपने, खुदकुशी का काम।
मन उड़े स्वच्छंद नभ में, ले हवा में साँस।
दो पलों की जिंदगानी, उस पर ये उसाँस।

फूस की है नींव जिस पर, मोम की दीवार।
आँसुओं के साथ अरमां, कर रहे चीत्कार।
और क्या-क्या देखना है, हे जगत-कर्तार ?
देख कितना दर्द मन को,   दे रहा संसार।

रूपमाला या मदन सा,  खुशनुमा आगाज।
चाँद सा मुखड़ा दमकता, चाँदनी का ताज।
शुभ सधे श्रंगार सोलह,   सोहते सुर साज।
हसरत भरा नभ भी जमीं, तक रहा है आज।

© सीमा अग्रवाल
जिगर कॉलोनी,
मुरादाबाद ( उ.प्र. )
सर्वाधिकार सुरक्षित

1 comment: