Tuesday, 31 December 2024

मंगलमय नववर्ष...

मंगलमय नव वर्ष...

अभिनंदन नव वर्ष का, उत्सव हास हुलास।
पावनता संकल्प की, अंतस भरे उजास।।१।।

शुभ मंगलमय वर्ष हो, बगरे दिशि-दिशि हर्ष।
खुशियों में झूमें सभी, पल-पल हो उत्कर्ष।।२।।

नयी उमंगें साथ ले, आया नवल विहान।
सुख के पारावार में, डूबा सकल जहान।।३।।

नयी सुबह नववर्ष की, नया जोश-उल्लास।
स्वप्न नया आह्लाद भर, करता मुख पर लास।।४।।

आने वाले साल से, कहे पुराना साल।
रहे अधूरे काम जो, आकर उन्हे सँभाल।।५।।

आने वाले साल से, कहे पुराना साल।
तेरा भी इक साल में, होगा मुझसा हाल।।६।।

जश्न मने नववर्ष का, नये सजें सब साज।
नयी-नयी हों चाहतें,  नया-नया आगाज।।७।।

सबक याद कर  पूर्व के,  वरो नए संकल्प।
भर नवता नववर्ष में, चुन लो एक विकल्प।।८।।

वर्ष नया दे आपको, खुशियाँ अपरंपार।
महकें घर-आँगन सदा,   झूमे वंदनवार।।९।।

© डॉ. सीमा अग्रवाल
मुरादाबाद

No comments:

Post a Comment